@रायपुर: बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता संतोष मारकंडे ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुदगुदा में कथित मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना को लेकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम गुदगुदा के पूर्व सरपंच बालकुमार कुर्रे की कुछ मवेशियां चरते हुए नाले की ओर चली गई थीं। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग मवेशियों को लेकर जा रहे हैं। अपनी मवेशियों की पहचान करने के लिए वे वहां पहुंचे, जहां से मवेशियों को कथित तौर पर आरंग थाना ले जाया गया था।

विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि थाना परिसर में मौजूद गोल्डी शर्मा और उनके साथियों ने बालकुमार कुर्रे से जाति पूछकर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और दुर्व्यवहार किया। यह भी आरोप है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।

बहुजन समाज पार्टी ने घटना की निंदा करते हुए राज्य सरकार से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की है तथा चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

हालांकि, इस मामले में पुलिस या आरोपित पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।