@रायपुर: डॉ भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2026, मंगलवार को राजधानी रायपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन बहुजन समाज पार्टी के तत्वावधान में इंदौर स्टेडियम, बुढ़ातालाब में सुबह 11:00 बजे से प्रारंभ होगा।
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष संतोष मारकंडे (अधिवक्ता) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राजाराम की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन करेंगे।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि आज जो अधिकार हमें प्राप्त हैं, वे किसी की कृपा से नहीं बल्कि डॉ. आंबेडकर के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग का नैतिक दायित्व है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।
आयोजकों ने आमजन से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इसे सफल बनाएं।


