@रायपुर: महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए e-KYC अनिवार्य होने के बाद राज्यभर में काफी असमंजस और परेशानी देखी जा रही है। 1 अप्रैल 2026 से शुरू हुए इस अभियान की अंतिम तारीख 30 जून 2026 है, लेकिन व्यावहारिक रूप से कई जगहों पर e-KYC की सुविधा अभी पूरी तरह शुरू नहीं हुई है।

सरकार की ओर से आधिकारिक रूप से बताया गया था कि CSC केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायत भवनों (ग्रामीण क्षेत्र) और वार्ड कार्यालयों (शहरी क्षेत्र) पर बायोमेट्रिक e-KYC की व्यवस्था उपलब्ध होगी। लेकिन वास्तविकता में कई CSC सेंटरों में अभी डिवाइस या सॉफ्टवेयर इश्यू के कारण KYC नहीं हो पा रहा है। कुछ इलाकों में केवल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं या विशेष चॉइस सेंटर के माध्यम से ही प्रक्रिया चल रही है।

कुछ ही CSC सेंटर में E-KYC 

कुछ CSC संचालक का कहना है कि E-KYC कि सुविधा अभी सभी CSC केंद्रों में नही दी गई है कुछ गिने चुने केंद्रों को ही इसकी अनुमति मिली है। इस स्थिति के कारण लाभार्थी महिलाओं को एक ही चॉइस सेंटर के भरोसे बैठना पड़ रहा है तो कहीं भीड़ ज्यादा के कारण बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। कई महिलाएं CSC केंद्र जाने पर सुन रही हैं कि “सुविधा अभी शुरू नहीं हुई” या “सर्वर का दिक्कत है”, जबकि आंगनबाड़ी केंद्र पर उन्हें CSC भेज दिया जा रहा है। नतीजतन, केंद्रों पर भीड़ बढ़ रही है और लोग काफी परेशान हैं।

मुख्य चिंता

कई महिलाएं डर व्यक्त कर रही हैं कि अगर समय पर e-KYC पूरा नहीं हुआ तो 26वीं किस्त (अप्रैल 2026 की) उनके बैंक खाते में नहीं आएगी। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1000 की सहायता मिलती है। ऐसे में लाभार्थियों को यह आशंका है कि बिना KYC के अगली किस्त रुक न जाए।