@आरंग: रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खनिज विभाग, राजस्व अमले और पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर करोड़ों रुपये के वाहन और मशीनें जब्त कीं। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद यह रेड की गई, जिसमें अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे कई साधनों को मौके से पकड़ा गया।
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जिले के आला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाला। टीम में एएसपी रायपुर ग्रामीण अभिषेक झा, खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, नायब तहसीलदार गजानंद सिदार और आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि महानदी के घाटों पर रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है, जिसके बाद संयुक्त टीम ने दबिश देकर 11 हाइवा, 2 जेसीबी और एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया।
कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया है और खनिज अधिनियम के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस सख्त कदम के बाद क्षेत्र में सक्रिय रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाया जाएगा।


