@हादसा: यह छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब बच्चों से भरी स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में करीब 15 स्कूली बच्चे घायल हो गए, वहीं एक शिक्षिका और स्कूल के प्रिंसिपल को भी चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, यह घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र के कुथूर गांव के पास हुई। वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी रास्ते में खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कई बच्चों को सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय नियमित ड्राइवर मौजूद नहीं था और वैन को खुद प्रिंसिपल चला रहे थे, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।

