@रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हेरोइन तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। रायपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब में रेड कर मुख्य सप्लायर समेत चार बड़े तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान से जुड़े तस्करी गिरोह से संचालित हो रहा था। आरोपी पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नेटवर्क से हेरोइन खरीदकर उसे रायपुर तक पहुंचाते थे।तस्करी का तरीका भी काफी शातिर था। आरोपी डाक पार्सल और ट्रक ड्राइवरों के जरिए हेरोइन की सप्लाई करवाते थे, जिससे जांच एजेंसियों को शक नहीं होता था।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब रायपुर पुलिस ने पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मुख्य सप्लायर कवलजीत सिंह पन्नू का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस टीम ने पंजाब पहुंचकर कार्रवाई की और चारों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, विदेशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ रायपुर समेत अन्य जगहों पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के अन्य कनेक्शन और सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

