@वर्धा: सामाजिक सशक्तिकरण दिवस के अवसर पर सामाजिक सशक्तिकरण बहुउद्देशीय संस्था, वर्धा (महाराष्ट्र) का तृतीय वर्धापन दिवस अत्यंत उत्साह, गरिमा और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। आज के ही दिन संस्था ने अपने सामाजिक कार्यों के सफलतापूर्वक तीन वर्ष पूर्ण किए। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और सहयोगियों ने एकत्रित होकर संस्था की उपलब्धियों का स्मरण किया तथा समाज के प्रति अपनी सेवा भावना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।

संस्था अपने सभी सामाजिक कार्यों में महान समाज सुधारकों की प्रेरणा को आधार मानकर आगे बढ़ रही है। संस्था विशेष रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले तथा डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर के आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाज में समानता, शिक्षा, मानवाधिकार और सामाजिक न्याय की भावना को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

पिछले तीन वर्षों के दौरान संस्था ने सामाजिक सशक्तिकरण के विविध आयामों पर व्यापक और प्रभावशाली पहल की है। दिव्यांग सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, मानवाधिकार संरक्षण, स्त्री-विमर्श, वृद्धजन कल्याण, विकसित भारत की संकल्पना तथा सामाजिक सशक्तिकरण में मानव विज्ञान के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संस्था ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक संगोष्ठियों, कार्यशालाओं, जागरूकता कार्यक्रमों और वैचारिक विमर्शों का सफल आयोजन किया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए सामाजिक समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान पर गंभीर चर्चा की गई। साथ ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए नई सोच और रचनात्मक पहल को प्रोत्साहित किया गया।

संस्था का कार्य केवल वैचारिक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि वह जमीनी स्तर पर भी सक्रिय रूप से समाज सेवा कर रही है। विशेष रूप से स्लम क्षेत्रों और मलिन बस्तियों में रहने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे कई विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिली है। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद नागरिकों को आवश्यक सहायता, मार्गदर्शन और परामर्श भी समय-समय पर उपलब्ध कराया जाता है। संस्था विभिन्न समाजकार्य संस्थानों और शिक्षण संस्थाओं के साथ मिलकर फील्ड वर्क प्रशिक्षण, सामाजिक कार्यक्रमों के संचालन और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, सामाजिक जागरूकता और वैचारिक क्रांति जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य करते हुए संस्था समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। संस्था की गतिविधियों से यह स्पष्ट होता है कि सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उसका कार्य न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समाज के लिए एक मजबूत और विश्वसनीय उदाहरण भी बनता जा रहा है।

वर्धापन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्यों की समीक्षा की तथा भविष्य की योजनाओं और नए लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान यह संकल्प लिया गया कि व्यक्तिगत विकास, समूह विकास और सामुदायिक विकास को केंद्र में रखते हुए समाज को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा सामाजिक परिवर्तन की दिशा में संस्था की भूमिका को और मजबूत किया जाएगा।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री प्रेमकुमार नाईक, सचिव श्री राहुल राउत, सह-सचिव कु. कांचन बांगर, कोषाध्यक्ष श्री सूरज भगत, तथा सम्मानित सदस्य श्री. विश्वजीत मेढे, अभिनव कामळे और श्री. लवकुमार नाईक सहित अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।