@हादसा: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फ्रिज में हुए धमाके से एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में अचानक हुए ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह इलाके में साईं मंदिर के पीछे की है। यहां रहने वाली 57 वर्षीय जया अग्रवाल रविवार देर रात घर में अकेली थीं। बताया जा रहा है कि अचानक घर में रखे फ्रिज में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद पूरे घर में आग फैल गई।
धमाके की आवाज से दहशत में आए लोग
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि एक मकान से आग की लपटें उठ रही हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
आग बुझने के बाद मिला महिला का शव
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जब घर के अंदर तलाश की गई तो महिला बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिली। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
फ्रिज ब्लास्ट होने की आशंका
शुरुआत में लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फटने से आग लगी है, लेकिन जांच में सामने आया कि हादसा फ्रिज में हुए ब्लास्ट के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतका का परिवार बेंगलुरु में रहता है और वह यहां अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं। हाल ही में उनके भाई का निधन हुआ था।


