@Education: केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया जल्द शुरू किए जाने की संभावना है। प्रवेश को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जल्द जारी किया जा सकता है। ऐसे में जो अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला केंद्रीय विद्यालय में कराना चाहते हैं, उनके लिए आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी पहले से जानना जरूरी है। मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय विद्यालयों में कुछ कक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जबकि कुछ कक्षाओं में ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।
कक्षा 1 के लिए ऑनलाइन आवेदन
केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा 1 में प्रवेश के लिए अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद बच्चों का चयन लॉटरी सिस्टम के माध्यम से किया जाता है। चयन सूची जारी होने के बाद अभिभावकों को संबंधित विद्यालय में जाकर आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे और फीस जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कक्षा 2 से 8 तक चयन प्रक्रिया
कक्षा 2 से 8वीं तक प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑफलाइन होगी। इन कक्षाओं में बच्चों का चयन प्राथमिकता श्रेणी या लॉटरी सिस्टम के आधार पर किया जाता है। इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए किसी प्रकार की प्रवेश परीक्षा नहीं ली जाती।
कक्षा 9, 10 और 11 में एडमिशन
कक्षा 9 और 10 में प्रवेश के लिए आवेदन ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा।
कक्षा 11 में प्रवेश कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के प्राप्त अंकों के आधार पर दिया जाता है।
कब शुरू हो सकती है आवेदन प्रक्रिया
पिछले वर्ष 2025 में केंद्रीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए नोटिफिकेशन 5 मार्च को जारी किया गया था और 7 मार्च से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी, जिसकी अंतिम तिथि लगभग 21 मार्च तक रही थी। पिछले वर्षों के रुझान को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष भी एडमिशन प्रक्रिया मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू हो सकती है।
एडमिशन के लिए जरूरी दस्तावेज
केंद्रीय विद्यालय में प्रवेश के लिए आमतौर पर निम्न दस्तावेजों की आवश्यकता होती है:
जन्म प्रमाण पत्र
बच्चे की पासपोर्ट साइज फोटो
बच्चे का आधार कार्ड
माता-पिता का आधार कार्ड
निवास प्रमाण पत्र
एससी/एसटी/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस/बीपीएल प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
इसके अलावा सिंगल गर्ल चाइल्ड के मामले में हलफनामा और नौकरीपेशा अभिभावकों के लिए सेवा प्रमाण पत्र भी मांगा जा सकता है।
देश में केंद्रीय विद्यालयों की संख्या
भारत में वर्तमान में 1,248 केंद्रीय विद्यालय संचालित हैं। इसके अलावा विदेशों में भी तीन केंद्रीय विद्यालय— मॉस्को, तेहरान और काठमांडू—में पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है। अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए समय-समय पर केंद्रीय विद्यालय संगठन की आधिकारिक वेबसाइट kvsangathan.nic.in पर नजर बनाए रखें।

