@सक्ती: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए शिक्षक हत्याकांड में बड़ा मोड़ सामने आया है। हत्या के आरोपी की लाश उसके घर के पीछे संदिग्ध हालत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, 18 मार्च को जैजैपुर थाना क्षेत्र के जर्वे गांव में दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज की हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि शिक्षक का अपने पड़ोसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने उन पर हमला कर हत्या कर दी और शव को जलाने की कोशिश भी की थी।

घटना के बाद आरोपी फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच ग्रामीणों ने सूचना दी कि आरोपी ने अपने घर के पीछे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

इस पूरी घटना के बाद गांव में डर और तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।