@रायपुर: राजधानी रायपुर में फर्जी डिग्री और नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी साक्षी सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से करीब 2.34 करोड़ रुपये वसूले। रकम लेने के बाद भी पीड़ितों को नौकरी नहीं दी गई, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच में सामने आया कि ठगी के लिए फर्जी MBBS और BAMS डिग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। साक्षी सिंह इन नकली डिग्रियों को तैयार कर गिरोह के अन्य सदस्यों को उपलब्ध कराती थी।

इससे पहले पुलिस इस मामले में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में साक्षी सिंह का नाम सामने आने पर पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन सहित कई अहम दस्तावेज और सबूत जब्त किए हैं। मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।