@कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बिजली विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। अधीक्षण अभियंता (SE) और कार्यपालन अभियंता (EE) को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर प्रबंध निदेशक (MD) के आदेशों की अनदेखी और काम में लापरवाही का आरोप है। जानकारी के अनुसार, 10 मार्च को बिजली विभाग के एमडी भीम सिंह कोरबा दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान लेमरू क्षेत्र के देवपहरी गांव में ग्रामीणों और छात्रों ने लो वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या बताई।

एमडी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल समस्या दूर करने के निर्देश दिए थे। साथ ही गांव तक 11 केवी लाइन विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा गया था। लेकिन निर्देशों के बावजूद काम में देरी और लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि अधिकारियों ने समय पर प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ाया, जिससे काम अटक गया। इस पर नाराजगी जताते हुए एमडी ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई विभाग में अनुशासन बनाए रखने और लापरवाही पर सख्त संदेश देने के लिए की गई है। घटना के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है।