@संपादकीय: यह समय केवल तकनीक के बदलने का नहीं है; यह समय मनुष्य के भीतर संबंधों को देखने और जीने की समझ के बदलने का है। सोशल मीडिया और रील्स ने हमारे सामने एक ऐसी आभासी दुनिया खड़ी कर दी है जो केवल मनोरंजन नहीं करती बल्कि हमारी इच्छाओं, हमारी अपेक्षाओं और हमारी भावनाओं की संरचना तक को पूरी तरह से प्रभावित करती है। एल्गोरिदम हमें वही दिखाता है जो हमें अच्छा लगता है या हम जैसा सोच रहे होते। लेकिन धीरे-धीरे यही अच्छा लगना, या सोचना हमारी वास्तविकता में तब्दील होने लगता है।

हर दिन हमारी स्क्रीन पर परफेक्ट रिश्तों की रिल्स परोसी जाती हैं मुस्कुराते चेहरे  सरप्राइज गिफ्ट्स, रोमांटिक ट्रिप्स आदि आदि। इन चमकदार रिल्स और तस्वीरों के बीच हम अनजाने में अपने रिश्तों को उसी तराजू पर तौलने लगते हैं वैसी ही उम्मीद करने लगते हैं। यहीं से एक अंजाना असंतोष पैदा होता है। क्योंकि असली रिश्ते कैमरे के लिए नहीं जीते, वे उन अनगिनत साधारण एकांत क्षणों में सांस लेते हैं, जो कभी पोस्ट नहीं किए जाते। इन्हीं सोसल मीडिया और रिल्स के चलते अब रिश्तों के भीतर एक खतरनाक बदलाव दिखने लगे हैं। वे सहमति और साझेदारी से अधिक प्रदर्शन बनते जा रहे हैं। भावनाएँ पीछे छूट रही हैं, सब कुछ दिखाने की होड़ में हैं, हर एक छोटी बड़ी खुशी को दिखाना जरूरी हो गया है, हर पल को परफेक्ट बनाने/ दिखाने का एक अनकहा दबाव बन गया है। लेकिन जीवन कोई रिल्स का फ़िल्टर नहीं है, जिसे मनचाहे ढंग से रंगों में ढाला जा सके!

सोशल मीडिया ने एक नया ट्रेंड सेट किया है जहाँ समस्या खुश रहने में नहीं है बल्कि समस्या खुश दिखने की बाध्यता में है। जब दिखावा अनुभव पर हावी हो जाता है, तो रिश्ते अपनी स्वाभाविकता खो देते हैं। लोग अपने संबंधों को महसूस करने से अधिक उन्हें प्रदर्शित करने में ऊर्जा लगाने लगते हैं। और जब वास्तविक जीवन उस ऑनलाइन छवि से मेल नहीं खाता, तो निराशा, असंतोष और दूरी जन्म लेने लगते हैं। धीरे-धीरे रिश्तों के भीतर एक नया प्रश्न जन्म लेने लगता है कि तुमने मेरे लिए क्या किया है? यह प्रश्न संबंधों को लेन-देन में बदल देता है। जबकि किसी भी रिश्ते की बुनियाद यह होनी चाहिए थी तुम मेरे लिए क्या महसूस करते हो? लेकिन यह भी विडंबना है कि भावनाएँ कभी मापी नहीं जा सकतीं, इसलिए उन्हें महत्व भी कम दिया जाता है। अपेक्षाएँ, जो कभी संतुलन बनाए रखने का माध्यम थीं, अब बोझ बनती जा रही हैं। किसी व्यक्ति का मूल्यांकन इस आधार पर होने लगा है कि वह कितनी अपेक्षाओं को पूरा कर पाता है। जो असफल होता है, वह केवल एक इंसान नहीं रहता, बल्कि एक असफल परिणाम में बदल दिया जाता है। रिश्ते मानो किसी गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया बन गए हैं, जहाँ अस्वीकृति बहुत आसान है और स्वीकार करना उतना ही मुश्किल! इस पूरी प्रक्रिया में सबसे बड़ी हानि स्वीकार्यता की होती है। हम लोगों को वैसे स्वीकार करने की क्षमता खोते जा रहे हैं जैसे वे हैं। उसकी जगह हमने एक आदर्श छवि को कर लिया है। एक ऐसी छवि, जिसमें हर व्यक्ति को फिट होना है। यह भाव अंदर ही अंदर रिश्तों को भीतर से थका देता है। और यह बदलाव केवल व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित नहीं रहता बल्कि यह हमारे जीवन के व्यापक दृष्टिकोण पर भी पूरा प्रभाव डालता है। सफलता की परिभाषा सिमटकर आर्थिक, पद, प्रतिष्ठा और दिखावे तक रह जाती है। ईमानदारी, संवेदनशीलता और संतुलन कोई महत्व नहीं रखते, जब तक रिश्तों के साथ आर्थिक चमक न जुड़ी हो।

रिश्तों में सच्चाई और सम्मान रखने वाले लोग भी अक्सर कमतर समझ लिए जाते हैं, क्योंकि वे उस चमकदार जीवनशैली का हिस्सा नहीं होते, जिसे समाज ने सफलता का पर्याय बना दिया है। सोशल मीडिया इस प्रवृत्ति को और तीव्र करता है। अब तुलना केवल अपने आसपास के लोगों से नहीं, बल्कि अनगिनत प्रचलित रिल्स से होती है। यह तुलना धीरे-धीरे भीतर एक खालीपन पैदा करती है  जहाँ संतोष की जगह कमी का एहसास घर कर लेता है। और उसका परिणाम सीधा रिश्तों में विश्वास की जगह संदेह, समझ की जगह प्रतिस्पर्धा और स्वीकार्यता की जगह निर्णय ने ले ली है। हम अपने ही लोगों के साथ एक न्यायाधीश की तरह व्यवहार करने लगे हैं, जहाँ हर व्यवहार का मूल्यांकन होता है, हर भावना का परीक्षण होता है। ऐसे में मूल प्रश्न फिर सामने खड़ा होता है क्या हम अपने रिश्तों को सचमुच जी रहे हैं, या उन्हें लगातार साबित करने में लगे हैं? क्या हम अपने लोगों को उनकी अपूर्णताओं के साथ स्वीकार कर सकते हैं, या हम उन्हें एक आदर्श छवि में ढालने की जिद में उन्हें खोते जा रहे हैं? शायद समस्या सोशल मीडिया या अपेक्षाएँ नहीं हैं। समस्या यह है कि हमने अपेक्षाओं को केंद्र में रख दिया है और स्वीकार्यता को हाशिए पर धकेल दिया है।