@रायपुर: जिले के मौदहापारा इलाके में दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी चाकूबाजी, पत्थरबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने जैसी घटनाओं में शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक, 16 मार्च को इलाके में तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। पहली घटना में पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने विवाद के दौरान चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
दूसरी घटना मरही माता मंदिर क्षेत्र में हुई, जहां दो पक्षों के बीच विवाद के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और आम लोगों में भय का माहौल बन गया।
तीसरी घटना में कुछ युवक डेंटल कॉलेज चौक के पास खुलेआम तलवार लहराते हुए लोगों को धमका रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ लिया।
ACCU और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चाकू, तलवार समेत कई धारदार हथियार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


