@घटना: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। वार्ड की समस्याओं के निराकरण को लेकर नाराज तीन युवकों ने पार्षद का रास्ता रोककर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना में पार्षद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी समारोह से लौटते समय किया हमला
जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी, दल्लीराजहरा निवासी पार्षद वीरेन्द्र साहू अपने मित्र हेमंत नेताम के साथ 11 मार्च की रात एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। इसी दौरान टीचर कॉलोनी ग्राउंड के पास तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं करने का आरोप लगाते हुए पार्षद से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने हाथ-मुक्कों और स्टील के कड़े से हमला कर दिया, जिससे पार्षद के नाक, आंख, गाल और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
गमछे से गला दबाकर मारने की कोशिश
हमलावरों ने मारपीट के दौरान गमछे से पार्षद का गला दबाकर उन्हें जान से मारने की भी कोशिश की। घटना के बाद घायल पार्षद और उनके दोस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने के बाद दल्लीराजहरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने तीनों आरोपियों को दुर्ग और धमतरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हमला करने की बात स्वीकार कर ली है।
इन आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. दीपक यादव (33 वर्ष) 2. अजीत सिंह (34 वर्ष) 3. कैलाश साहू (38 वर्ष)
तीनों आरोपी राजहरा के टीचर कॉलोनी वार्ड क्रमांक 7 के निवासी बताए जा रहे हैं।


