@दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती अपने ही घर से करीब 1 करोड़ रुपये का सोना लेकर फरार हो गई। पुलिस ने उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, युवती भिलाई की रहने वाली है और उसके पिता भिलाई स्टील प्लांट में कार्यरत हैं। युवती घर में शादी के लिए रखे गए करीब 60 तोला सोने के आभूषण लेकर अपने दोस्तों के साथ हैदराबाद चली गई।

हैदराबाद पहुंचकर युवती ने अपने दोस्तों के साथ होटल में ठहरकर जमकर पार्टी की। जब पैसे खत्म हो गए तो वह वापस दुर्ग लौटी और कुछ सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया। इस दौरान उसने अपने दोस्तों को करीब 12 लाख रुपये भी दे दिए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती घर के पारिवारिक विवाद से परेशान थी। इसी बीच उसकी दोस्ती एक युवक से हुई, जिसने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया।

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और लोकेशन ट्रैक कर युवती को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी किए गए सोने में से कुछ हिस्सा बरामद किया गया है, जबकि बाकी की जांच जारी है।

फिलहाल पुलिस इस मामले में युवती के साथ जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।