@रायपुर: चंडीगढ़ में आयोजित 5वें खेलो मास्टर गेम्स में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में अरशद हुसैन ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए 50 प्लस वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। अरशद हुसैन श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी में जिम ट्रेनर एवं स्पोर्ट्स विभाग में पदस्थ हैं और एक जाने-माने फुटबॉल खिलाड़ी के रूप में पहचान रखते हैं।

प्रतियोगिता में केवल व्यक्तिगत ही नहीं, बल्कि टीम स्तर पर भी छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन सराहनीय रहा। 30 प्लस फुटबॉल टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए सिल्वर मेडल जीता, वहीं 40 प्लस वर्ग में भी टीम ने सिल्वर मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अरशद हुसैन केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ खेलो मास्टर गेम्स के जॉइंट सेक्रेटरी के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पिछले कई वर्षों से वे अपनी टीम के साथ मिलकर क्षेत्रीय, राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन कर रहे हैं और खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

उनकी इस उपलब्धि ने न केवल खिलाड़ियों को प्रेरित किया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि उम्र सिर्फ एक संख्या है । जुनून और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।