@JOB: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की ओर से असिस्टेंट रजिस्ट्रार के 12 पदों पर भर्ती के लिए जारी विज्ञापन को लेकर बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। आयोग द्वारा आवेदन की अंतिम तिथि 5 मार्च निर्धारित की गई थी। निर्धारित तिथि के बाद लेट फीस के रूप में 3 हजार रुपये लेकर भी आवेदन स्वीकार किए गए। जानकारी के मुताबिक अब आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह बंद हो चुकी है। आयोग को इन 12 पदों के लिए करीब 12 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। यानी एक पद के लिए लगभग एक हजार उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिससे प्रतियोगिता काफी कड़ी रहने की संभावना है।

17 मई को होगी लिखित परीक्षा

आयोग की आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार असिस्टेंट रजिस्ट्रार पद के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 17 मई को मध्य प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। परीक्षा में उम्मीदवारों से बहुविकल्पीय (MCQ) प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा परिणाम जारी होने की संभावना जून माह में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि लंबे समय बाद आयोग द्वारा असिस्टेंट रजिस्ट्रार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। ऐसे में यह संभावना भी जताई जा रही है कि लिखित परीक्षा के बाद पदों की संख्या में बढ़ोतरी की जा सकती है।

87-13 फॉर्मूले के आधार पर रिजल्ट

ओबीसी आरक्षण से जुड़े मामले के अदालत में लंबित होने के कारण आयोग फिलहाल 87-13 फॉर्मूले के आधार पर परिणाम जारी कर रहा है। इसी आधार पर चयन सूची भी तैयार की जाएगी।

एक पद रहेगा होल्ड

लिखित परीक्षा के बाद जारी होने वाले परिणाम में असिस्टेंट रजिस्ट्रार का एक पद होल्ड पर रखा जाएगा। इंटरव्यू के बाद मुख्य चयन सूची में 11 पदों पर ही भर्ती की जाएगी।

कई विश्वविद्यालयों में पद खाली

राज्य के कई विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट रजिस्ट्रार के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इनमें देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, जीवाजी विश्वविद्यालय और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय सहित अन्य विश्वविद्यालयों में 20 से अधिक पद खाली बताए जा रहे हैं।