@कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक शिक्षक पर छात्रा को खेल कूद प्रतियोगिता के बहाने से होटल ले जाकर दुष्कर्म की कोशिश करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने शिक्षक के साथ होटल मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक छात्रा को खेलकूद प्रतियोगिता में शामिल कराने का झांसा देकर होटल लेकर गया। वहां उसने छात्रा के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि जब छात्रा ने खुद को बचाने के लिए होटल मैनेजर से मदद मांगी, तो उसने मदद करने के बजाय उसे डराने-धमकाने की कोशिश की।
घटना के बाद छात्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक और होटल मैनेजर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

