@रायगढ़: जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी और बैंक लूट की साजिश रचने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और इसके बाद दो बैंकों में लूट की कोशिश भी की थी, हालांकि वे इसमें सफल नहीं हो पाए।

मामले का खुलासा तब हुआ जब घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी के बाद पुलिस लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान धरमजयगढ़ और जूटमिल क्षेत्र के बैंकों में भी लूट के प्रयास सामने आए, जिससे एक ही गैंग की भूमिका होने का संदेह हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी मोहम्मद अरसलान को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना कबूल किया, जिसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य सरगना मोहम्मद अरसलान (उम्र 19 वर्ष) निवासी सारथी नगर, पत्थलगांव जशपुर शामिल है। इसके अलावा करण महंत (30 वर्ष) निवासी बांसाझार छाल रायगढ़, अलतमस खान (19 वर्ष) निवासी बिलाईटांगर पत्थलगांव जशपुर, जॉनसन बेक (19 वर्ष) निवासी बोटराकछार पत्थलगांव जशपुर और कवलेश यादव (19 वर्ष) निवासी बरिमा मेनपाट सरगुजा को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की है। उनके कब्जे से 60 नए व पुराने मोबाइल फोन, एयरबड्स, वाहन और अन्य सामान जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह पहले इलाके की रेकी करता था और फिर सुनसान जगहों पर स्थित दुकानों और बैंकों को निशाना बनाता था। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।