@रेलवे भर्ती: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा ग्रुप ‘D’ भर्ती परीक्षा 2025 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भारतीय रेल विभाग में 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह एक बड़ा अवसर है। इस भर्ती के तहत पूरे देशभर में कुल 22,000 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
जोन विवरण
छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों के लिए भी अच्छी खबर है। बिलासपुर रेलवे जोन में ग्रुप ‘D’ के तहत 1900 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योग्यता आयु
इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। आयु सीमा 18 वर्ष से 36 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
आवेदन शुल्क की बात करें तो SC, ST, महिला एवं दिव्यांग (PWD) अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 350 रुपये और OBC व सामान्य वर्ग के लिए 600 रुपये रखा गया है। परीक्षा में शामिल होने पर SC, ST, महिला एवं PWD उम्मीदवारों को 250 रुपये तथा OBC व सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये की राशि वापस की जाएगी।
अंतिम तिथि
आवेदन करने की अंतिम तिथि 02 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को 10वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, केंद्रीय जाति प्रमाण पत्र, हस्ताक्षर, बैंक खाता संख्या सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन में लाइव फोटो भी अनिवार्य रहेगा।
चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया में CBT-01 परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण शामिल होंगे। शारीरिक मापदंड के तहत पुरुष उम्मीदवारों को 1000 मीटर की दौड़ 4 मिनट 15 सेकंड में पूरी करनी होगी तथा 35 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में तय करनी होगी। वहीं महिला उम्मीदवारों को 1000 मीटर की दौड़ 5 मिनट 40 सेकंड में पूरी करनी होगी और 20 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में तय करनी होगी।
परीक्षा केंद्र
परीक्षा केंद्रों की जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी। रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती सुनहरा मौका मानी जा रही है।
# रोजगार समाचार,Govt. JOB, रोजगार

