रोजगार. बैंक ऑफ बड़ौदा के आईटी विभाग में सीनियर मैनेजर डेवलपर, ऑफिसर, मैनेजर इंजीनियर समेत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। जो अभ्यर्थी बैंक ऑफ बड़ौदा में इन पदों पर नौकरी के इच्छुक हैं, वे बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथि 19 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

आयु-सीमा

इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु पदानुसार 22, 24 और 27 वर्ष तय की गई है। वहीं अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 32, 34 और 37 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु-सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। एससी एवं एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को पांच वर्ष, ओबीसी वर्ग को तीन वर्ष तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को दस वर्ष की आयु-सीमा में छूट मिलेगी।

शैक्षणिक योग्यता

विभिन्न पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास बीई, बीटेक, एमई या एमटेक की डिग्री के साथ संबंधित पद के अनुसार अन्य आवश्यक योग्यताएं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों के पास न्यूनतम तीन वर्ष का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।

रजिस्ट्रेशन फीस

आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को निर्धारित रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान करना होगा। सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 850 रुपये रखी गई है। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग एवं महिला उम्मीदवारों के लिए यह शुल्क 175 रुपये निर्धारित किया गया है।

परीक्षा पैटर्न

उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। लिखित परीक्षा में रीजनिंग, अंग्रेजी भाषा, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और प्रोफेशनल ज्ञान से संबंधित कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 225 अंक निर्धारित होंगे। परीक्षा की समय अवधि 150 मिनट होगी। इस परीक्षा में गलत उत्तर देने पर किसी प्रकार की नकारात्मक अंकन (नेगेटिव मार्किंग) नहीं की जाएगी।