@भर्ती: छत्तीसगढ़ में 5 हजार शिक्षकों की भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ता जा रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से भर्ती की घोषणा के बाद से ही हजारों युवाओं की निगाहें अब आधिकारिक विज्ञापन पर टिकी हुई हैं।

राज्य सरकार ने हाल ही में 5,000 शिक्षकों की सीधी भर्ती की बात कही थी और परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) को सौंपी गई है। बताया गया है कि सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता सहित विभिन्न पदों पर नियुक्ति की जाएगी। लेकिन अब तक विस्तृत नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में बेचैनी बढ़ रही है।

कई अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। डीएलएड, बीएड और अन्य पात्रता परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके युवा पिछले कई महीनों से तैयारी में जुटे हैं। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से न केवल उन्हें रोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी।

सोशल मीडिया पर भी अभ्यर्थी लगातार सरकार से जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि घोषणा के बाद देरी से अनिश्चितता बढ़ती है और तैयारी की रणनीति प्रभावित होती है।

अब सभी की नजरें स्कूल शिक्षा विभाग और व्यापम पर टिकी हैं कि आखिर कब आधिकारिक अधिसूचना जारी होगी और आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही भर्ती प्रक्रिया को गति देगी और लंबे इंतजार का अंत होगा।