#रायपुर. छत्तीसगढ़ की चर्चित महिला अधिकारी डीएसपी कल्पना वर्मा को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ वित्तीय लेन-देन, अवैध आर्थिक लाभ, पद के दुरुपयोग और अनुपातहीन संपत्ति से जुड़े गंभीर आरोप सामने आए थे। इसे लेकर सरकार ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। 

मिली जानकारी के अनुसार रायपुर पुलिस द्वारा की गई विस्तृत जांच के बाद करीब 1400 पन्नों की रिपोर्ट शासन को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में कारोबारी से जुड़े वित्तीय लेन-देनों, महंगे गिफ्ट, व्हाट्सएप चैट और अन्य साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। 

आरोप है कि एक कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख रुपये की डायमंड रिंग, 5 लाख रुपये के सोने के गहने सहित अन्य सुविधाएं ली गईं। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कारोबारी के भाई के नाम पर भी करोड़ों रुपये की वसूली की बात सामने आई है। 

सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर (अटल नगर) निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। गौरतलब है कि डीएसपी कल्पना वर्मा पहले भी अपनी पोस्टिंग और कार्यशैली को लेकर चर्चा में रही हैं। फिलहाल निलंबन के बाद इस मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।