रायपुर. छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी 2026) का आयोजन 01 फरवरी 2026 को राज्य के 20 जिलों में दो पालियों में किया जाएगा। इस परीक्षा में राज्य के सभी 33 जिलों से अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी, जिसमें लगभग 1 लाख 19 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि द्वितीय पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में करीब 2 लाख 05 हजार अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।

व्यापम ने अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने तथा परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली का समय सुबह 9:30 बजे से 12:15 बजे तथा द्वितीय पाली का समय दोपहर 3 बजे से 5:45 बजे तक निर्धारित है।

परीक्षा के लिए हल्के रंग के आधी बाँह वाले कपड़े पहनने की अनुमति होगी। गहरे रंग के वस्त्र, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, बेल्ट, पाउच सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं केंद्र में ले जाना वर्जित रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल चप्पल पहनकर प्रवेश की अनुमति होगी तथा उत्तर पुस्तिका में काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का ही उपयोग करना अनिवार्य होगा। अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।