रायपुर. राज्य में धान खरीदी प्रक्रिया शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में किसानों को टोकन न मिलने और ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बहुजन समाज पार्टी (छत्तीसगढ़) ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष श्याम टंडन द्वारा जारी ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेशभर में किसान अपने मेहनत से उपजे धान को बेचने में असमर्थ हो रहे हैं। टोकन न मिलने, तकनीकी दिक्कतों तथा प्रशासन से समाधान न मिलने के कारण किसान मानसिक रूप से टूट रहे हैं। हाल ही में महासमुंद जिले में एक किसान द्वारा टोकन न कटने के कारण आत्महत्या जैसी स्थिति उत्पन्न होने का उदाहरण भी उल्लेखित है, जिसे पत्र में “गंभीर प्रशासनिक लापरवाही” बताया गया है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि समस्याएँ इसी प्रकार बढ़ती रहीं तो कई किसान आत्महत्या जैसी स्थितियों की ओर बढ़ सकते हैं, जो पूरे शासन-प्रशासन की विफलता मानी जाएगी। पत्र के अंत में पार्टी ने आग्रह किया है कि सरकार जल्द निर्णय लेकर किसानों को राहत प्रदान करे, जिससे वे बिना तनाव और भय के अपनी उपज बेच सकें।

