जशपुर. भारत के उभरते धावक अनिमेष कुजूर ने 5 जुलाई 2025 को ग्रीस के वारी शहर में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को 10.18 सेकंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया। यह उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स के लिए गौरव का क्षण है। अनिमेष ने इससे पहले मई 2025 में दक्षिण कोरिया में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ 20.32 सेकंड में पूरी कर एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
छत्तीसगढ़ का गौरव
21 वर्षीय अनिमेष का जन्म 2 जून 2003 को छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के घुइटांगर गांव में हुआ। उनके माता-पिता, अमृत कुजूर और रीना कुजूर, छत्तीसगढ़ पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। अनिमेष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा महासमुंद के वेडनर मिशन स्कूल और कांकेर के सेंट माइकल स्कूल से प्राप्त की। वर्तमान में वह बीएससी कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी प्रतिभा को ओडिशा के रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स हाई परफॉर्मेंस सेंटर में कोच मार्टिन ओवेंस ने तराशा, जिसके परिणामस्वरूप वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।