रायपुर. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने छत्तीसगढ़ सरकार के युक्तियुक्तकरण आदेश के तहत स्कूलों को बंद करने के निर्णय का कड़ा विरोध किया है। बसपा के रायपुर जिलाध्यक्ष एड. संतोष मारकंडे ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और इसे तत्काल वापस लेने की मांग की।
मारकंडे ने कहा कि यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के गरीब और आदिवासी परिवारों के बच्चों के भविष्य को प्रभावित करेगा, जो मुख्य रूप से सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का यह कदम निजी संस्थानों को लाभ पहुंचाने और सरकारी नौकरियों में प्रतिबंध लगाने की मंशा से प्रेरित है। उनका दावा है कि यह कदम शिक्षित युवाओं, खासकर हाशिए पर रहने वाले समुदायों के छात्र-छात्राओं को बेरोजगार बनाने की साजिश का हिस्सा है।
बसपा ने शिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से इस आदेश पर पुनर्विचार करने और इसे निरस्त करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने यह आदेश वापस नहीं लिया, तो वह प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन शुरू करेगी।


